UP NEWS: फिरोजाबाद में थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव काली खेड़ा में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव ससुराल में एक कमरे में लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की 11 साल पहले शादी हुई थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। गांव काली खेड़ा निवासी 30 साल की पूनम पत्नी अखिलेश कुमार का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो परिवार में कोहराम मच गया। ससुरालीजनों ने पुलिस के साथ ही जिला गाजीपुर निवासी मायका पक्ष को भी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मायके वालों ने पुलिस को बताया कि पूनम की शादी 2007 में हुई थी। ससुरालीजनों ने ही उसकी हत्या की है। वहीं, घटना की जानकारी पर आस-पास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इंस्पेक्टर राजेश कुमार पांडे ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की है। उसका शव फंदे से लटका मिला है। मायके वालों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।