सहारनपुर में हॉकी को मिला नया उत्साह, तृतीय अंतर विद्यालय अंडर-15 बालक हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, बी.डी. बाजोरिया इंटर कॉलेज बना चैंपियन

Hamare Sapne News

ब्यूरो रिपोर्ट - शमीम अहमद  सहारनपुर 



सहारनपुर में हॉकी को मिला नया उत्साह, तृतीय अंतर विद्यालय अंडर-15 बालक हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, बी.डी. बाजोरिया इंटर कॉलेज बना चैंपियन


सहारनपुर। जिले में हॉकी खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हॉकी सहारनपुर एसोसिएशन द्वारा आयोजित तृतीय अंतर विद्यालय अंडर-15 बालक हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन रविवार, 28 जून 2026 को बी.डी. बाजोरिया इंटर कॉलेज, सहारनपुर के हॉकी मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में सहारनपुर जनपद के विभिन्न विद्यालयों के अलावा उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से आई टीमों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।



प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। आयोजन सचिव मेनका टांक (संयुक्त सचिव, हॉकी उत्तर प्रदेश एवं राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी) ने सभी मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।




इस अवसर पर हॉकी सहारनपुर के अध्यक्ष डॉ. कारण सिंह सैनी, शैलेन्द्र भूषण गुप्ता, राजीव रंजन, विनय कुमार चौहान, वर्षा पराशर शर्मा, जसलीन जुनेजा तथा जय राम गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके अनुशासन, खेल भावना और प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं, बल्कि जिले में हॉकी के विकास को भी नई दिशा प्रदान करते हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी हॉकी को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न टीमों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबला बी.डी. बाजोरिया इंटर कॉलेज, सहारनपुर और बदायूं की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया, लेकिन शानदार प्रदर्शन करते हुए बी.डी. बाजोरिया इंटर कॉलेज, सहारनपुर ने मुकाबला अपने नाम कर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। वहीं उपविजेता टीम बदायूं के खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर उपस्थित अतिथियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में मेनका टांक (संयुक्त सचिव, हॉकी उत्तर प्रदेश) एवं राहुल टांक (सचिव, हॉकी सहारनपुर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों के संयुक्त प्रयासों से प्रतियोगिता का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन किया गया, जिसकी खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने सराहना की।

कार्यक्रम में टिंकू अरोड़ा, सुनील कुमार टांक, सपना परमार टांक, रूही अंजुम तथा डॉ. यासमीन राव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन सचिव मेनका टांक ने सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, खिलाड़ियों, विद्यालयों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों का प्रतियोगिता में सहभागिता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी हॉकी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा, ताकि सहारनपुर के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।

व्हाट्सऐप चैनल हमारे सपने को जॉइन करें Click Now

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top